Wednesday, October 21st, 2026

अब पूरे देशभर में लागू होगी बिहार की स्मार्ट इलेक्ट्रिसिटी प्रीपेड मीटर योजना , वित्त मंत्री का ऐलान

पटना 
देश को बिजली में कई मॉडल दे चुके बिहार के प्रीपेड मीटर को भी अब देश अपनाएगा। बिहार ही इकलौता राज्य हैं जहां स्मार्ट प्री-पेड मीटर लगाए जा रहे हैं। बाकी राज्यों में पोस्टपेड स्मार्ट मीटर ही लगाए जा रहे हैं। सोमवार को आम बजट -2021 पेश करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बिहार के प्रीपेड मीटर को देशभर में अपनाने की घोषणा की।

बिहार में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने की शुरुआत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर हुआ। नॉर्थ व साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने ऊर्जा मंत्रालय की एजेंसी ईईएसएल से पांच अगस्त 2018 को इसके लिए करार किया। इसके तहत 23.5 लाख स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने का निर्णय हुआ। इसमें शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता, हर घर नल का जल व कृषि उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जाने थे। 


इसके बाद इसको विस्तार देते हुए कैबिनेट ने एक मार्च 2019 को राज्यभर में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने का निर्णय लिया। तब निविदा के माध्यम से फ्रांस की कंपनी का चयन हुआ। इसके बाद एक सितम्बर 2019 को बिजली कंपनी ने अरवल और मुजफ्फरपुर के कांटी में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने का प्रयोग शुरू किया। प्रायोगिक तौर पर इन दोनों शहरों में शुरू इस कार्य का मकसद था कि अगर मीटर लगाने और उसे चलाने में कोई व्यवहारिक समस्या हो तो उसका समाधान आसानी से किया जा सके। अरवल और कांटी के बाद पटना, दलसिंहसराय, मोतिहारी, बेतिया, बेगूसराय और हर घर नल का जल योजना में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जाने लगे। अब तक एक लाख 20 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। 
 

 

#वित्त मंत्री का ऐलान

Source : Agency

पाठको की राय